DLSA ने मानवाधिकार दिवस पर प्रचार वाहन को किया रवाना

शिवहर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) शिवहर द्वारा मानवाधिकार दिवस के अवसर पर आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार–प्रसार के लिए आज एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन को रवाना करने का कार्य जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ललन कुमार रजक ने किया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सभी न्यायिक पदाधिकारी, तथा जिला बार एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। न्यायालय के सभी कर्मचारी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शिवहर जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में सुलहनीय वाद, बैंक ऋण से संबंधित मामले, तथा अन्य कई प्रकार के विवादों का निःशुल्क निपटारा कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत न सिर्फ समय की बचत करती है, बल्कि लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत देकर लोगों को शीघ्र न्याय प्रदान करने का माध्यम भी बनती है।




