बिहार-झारखण्‍ड

चैंबर ऑफ कॉमर्स की सातवीं बैठक में व्यापार विस्तार पर मंथन

रांची (SHABD) : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की सातवीं बैठक चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने 26 मार्च से 6 अप्रैल तक मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग के लिए सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की मांग पर चैम्बर की ओर से लगातार इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।

इस वर्ष इसे और भी भव्य रूप दिया जायेगा। साहिबगंज में हाल ही में एक व्यापारी के साथ हुई साइबर ठगी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए संताल-परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही डीजीपी से मिलकर इस विषय को उनके संज्ञान में लाएंगे। राज्य में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के सुझाव पर चैम्बर अध्यक्ष ने बताया कि आगामी माह माननीय रेल मंत्री से मिलकर चैंबर द्वारा सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। भूमि सुधार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने कहा कि गैर-मजरूआ भूमि संबंधी व्यवस्था बहाल करने के उच्च न्यायालय के आदेश का अब तक अनुपालन नहीं हुआ है। राज्य में औद्योगिकीकरण को गति देने हेतु सरकार से यह मांग की गई कि जब तक नई औद्योगिक नीति अधिसूचित नहीं हो जाती, तब तक मौजूदा नीति को उसके वर्तमान स्वरूप में ही आगे बढ़ाया जाए। इससे चल रही परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा से बचने में मदद मिलेगी।

बैठक में साउथ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी को गुमला नगर परिषद् का उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर कार्यकारिणी समिति की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। रमेश कुमार ने गुमला में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने पिछले पांच माह से गुमला में ब्लड बैंक बंद रहने पर चिंता व्यक्त की, जिसपर अध्यक्ष ने संबंधित विभागीय सचिव से मिलकर इसे शीघ्र चालू कराने का आश्वासन दिया। नगर निगम की ओर से हाल के दिनों में कुछ कॉमर्शियल अपार्टमेंट्स को एसेसमेंट के नाम पर चिन्हित कर कथित रूप से किए जा रहे भयादोहन के मुद्दे को कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने उठाया। इस पर महासचिव रोहित अग्रवाल ने महापौर के संज्ञान में इस विषय को लाने की बात कही। यह भी कहा कि नगर निगम बोर्ड में फेडरेशन चैंबर के दो प्रतिनिधियों का मनोनयन सुनिश्चित कराने हेतु प्रयास किया जाएगा।

कार्यकारिणी सदस्य विकास विजयवर्गीय ने बिहार की तर्ज पर झारखण्ड में सोलर पावर को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। यह कहा कि यदि नेट मीटरिंग की प्रक्रिया को सरल बनाया जाय तो इस क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने संयुक्त रूप से उप समितियों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक कुल 124 बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने भविष्य में इन गतिविधियों को और बढ़ाने की बात कही। यह भी बताया कि चैंबर की ओर से आयोजित बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा इससे सदस्य लाभान्वित हो रहे हैं। सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार ने चैंबर की सदस्यता हेतु प्राप्त नए आवेदनों को प्रस्तुत किया, जिन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। सदस्यों ने ट्रांसपोर्ट नगर के अब तक चालू नहीं होने पर चिंता व्यक्त की। पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि आवंटन प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता का अभाव है। इस पर अध्यक्ष ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रमेश कुमार, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, आस्था किरण, डॉ. अभिषेक रामाधीन, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, पूजा ढाढा, शैलेश अग्रवाल, तुलसी पटेल, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, पूर्व अध्यक्ष ललित केडिया, रंजीत टिबड़ेवाल, पवन शर्मा, किशोर मंत्री, उप समिति चेयरमैन किशन अग्रवाल, शशांक भरद्वाज, माला कुजूर, महेंद्र जैन, तेजविंदर सिंह, रामशंकर बगड़िया, सुबोध चौधरी, डॉ अनल सिन्हा, श्री कृष्ण अग्रवाल, नेहा पटवारी, अमित अग्रवाल उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button