Breaking News

फेसबुक पर धारावाहिक के एपिसोड दिखाकर साइबर ठगी का नया तरीका, साइबर अपराधियों से रहें सावधान

इंदौर — साइबर अपराधियों द्वारा आमजन को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में साइबर अपराधियों द्वारा फेसबुक पर धारावाहिक, ड्रामा टीवी अथवा अन्य मनोरंजन संबंधी नामों से फर्जी पेज बनाकर साइबर ठगी करने का एक नया तरीका सामने आया है।

साइबर अपराधियों द्वारा फेसबुक पर ऐसे पेज बनाए जाते हैं, जिन पर किसी लोकप्रिय धारावाहिक अथवा वेब सीरीज के रोचक एपिसोड के कुछ अंश/वीडियो प्रदर्शित किए जाते हैं। वीडियो के दौरान अथवा पोस्ट में दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हुए यह बताया जाता है कि आगे की कहानी अथवा पूरा एपिसोड देखने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

जैसे ही कोई व्यक्ति उत्सुकतावश उक्त लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक अन्य वेबसाइट/पेज पर ले जाकर ₹1 अथवा छोटी राशि का भुगतान करने के नाम पर UPI के माध्यम से पेमेंट करने के लिए कहा जाता है। इसी दौरान साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ीपूर्ण तरीके से पीड़ित से संवेदनशील बैंकिंग/UPI संबंधी जानकारी प्राप्त करने अथवा फर्जी भुगतान प्रक्रिया के माध्यम से उसे ठगी का शिकार बनाने का प्रयास किया जाता है।

विशेष रूप से ध्यान रखें कि केवल ₹1 का भुगतान करने के नाम पर किसी अनजान लिंक, वेबसाइट अथवा एप्लिकेशन पर UPI PIN दर्ज करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो सकता है। UPI PIN केवल भुगतान को अधिकृत करने के लिए होता है। किसी भी अनजान व्यक्ति, वेबसाइट या लिंक के कहने पर UPI PIN दर्ज नहीं करना चाहिए।

आमजन से अपील

1. फेसबुक अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने वाले अनजान पेजों एवं संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
2. किसी धारावाहिक/वेब सीरीज का अगला एपिसोड देखने के लिए किसी अनजान URL पर जाकर ₹1 या अन्य राशि का भुगतान न करें।
3. किसी भी अनजान वेबसाइट, लिंक या व्यक्ति के कहने पर UPI PIN, OTP, CVV, बैंक पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
4. भुगतान प्राप्त करने के नाम पर भी UPI PIN दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।
5. सोशल मीडिया पर दिखने वाले वीडियो, विज्ञापन अथवा ऑफर की सत्यता की पुष्टि किए बिना उन पर विश्वास न करें।
6. यदि किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर दिया है अथवा आर्थिक ठगी हो गई है, तो तत्काल अपने बैंक से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करें तथा साइबर अपराध की सूचना 1930 पर दें और संबंधित ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज करें।

साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से आमजन को लालच, उत्सुकता और मनोरंजन का सहारा लेकर ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अतः सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

सतर्क रहें — सुरक्षित रहें।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें, UPI PIN किसी के साथ साझा न करें।

Related Articles

Back to top button