RAJGARH

जीरापुर में लोकायुक्त का ट्रैप: नामांतरण के बदले ₹7 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ी गई

राजगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस, भोपाल संभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीरापुर में एक पटवारी को ₹7,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई 20 अगस्त 2026 को लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम श्यामपुरा निवासी राम प्रसाद दांगी ने अपनी भूमि के नामांतरण के लिए आवेदन किया था। उनका आवेदन हल्का नंबर 78, ग्राम खेजड़िया स्थित खसरा नंबर 407/1 की भूमि से संबंधित था।

आवेदक ने नामांतरण आवेदन की प्रगति जानने के लिए संबंधित पटवारी श्रीमती सीमा दांगी से संपर्क किया। आरोप है कि पटवारी ने नामांतरण की कार्यवाही करने के एवज में ₹7,000 की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर राम प्रसाद दांगी ने 13 अगस्त को लोकायुक्त पुलिस, भोपाल संभाग में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया।

20 अगस्त को लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी सीमा दांगी को सह-आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू के माध्यम से ₹7,000 की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई पटवारी के निजी कार्यालय, सिरपोई कॉलोनी, जीरापुर में की गई।

मामले में आरोपी पटवारी सीमा दांगी तथा सह-आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने किया। टीम में निरीक्षक रजनी तिवारी, जी.एस. मर्सकोले, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल सहित आरक्षक मनमोहन साहू, रवि शर्मा, प्रसेनजीत, हेमेन्द्र पाल, हिम्मत सिंह और रक्षा परमार शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button