आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश

लखनऊ, 12 सितम्बर 2026।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। जनपदों में एफएलसी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को देते हुए उन्हें संज्ञान में लेकर कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया को सुचारु एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों/एफएलसी सुपरवाइजरों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रहीं हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को एफएलसी से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 14 सितम्बर, 2026 को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंध अकादमी, जनपद लखनऊ में आयोजित होने वाली प्रशिक्षण कार्यशाला में 33 जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एफएलसी सुपरवाइजर प्रतिभाग करेंगे। इसके पूर्व जनपद गौतमबुद्ध नगर में आयोजित प्रशिक्षण में 21 जनपदों तथा वाराणसी में आयोजित प्रशिक्षण में 21 जनपदों के अधिकारीगण प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।




