मोठबड़ली में ग्रामीणजनों से राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार का आत्मीय जनसंवाद

ब्यावरा विधानसभा की ग्राम पंचायत मोठबड़ली में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीनारायण सिंह पंवार ने ग्रामीणजनों से आत्मीय जनसंवाद किया।जनसंवाद के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का मूल उद्देश्य गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही सुशासन की वास्तविक पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरण, गणवेश, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। विद्यालयों में अधोसंरचना का विस्तार, अतिरिक्त कक्षों का निर्माण और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार सहयोग प्रदान कर रही है। इसी प्रकार महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित, गरीब परिवारों के कल्याण, युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार तथा आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में बढ़ा भारत का सम्मान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सामर्थ्य और क्षमता का पूरी दुनिया के सामने परिचय कराया है। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में पहले से अधिक सशक्त एवं आत्मविश्वासी राष्ट्र बनकर उभरा है। हमारी सैन्य क्षमता लगातार मजबूत हो रही है और देश रक्षा उपकरणों के निर्माण में भी आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक, अधोसंरचना, स्टार्टअप और विनिर्माण सहित अनेक क्षेत्रों में भारत नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है और उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका निरंतर मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर गांव-गांव तक विकास की नई रोशनी पहुंचा रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक परिवार तक पहुंचे तथा मध्य प्रदेश भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।




