RAJGARH

सत्संग कार्यक्रम में जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग संत पं. कमल किशोरी नागर के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धमकी देने का आरोप, समाजजनों ने एसपी को सौंपा आवेदन

सत्संग कार्यक्रम में जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस

राजगढ़। जिले में आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर समस्त सन्तगुरु कमल किशोर जी नागर गो भक्त मंडल, राजगढ़ की ओर से पुलिस अधीक्षक राजगढ़ को आवेदन सौंपकर मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया कि 4 सितंबर 2026 को श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला, भड़ाडावरा, जिला झाबुआ में संत पं. कमल किशोरी नागर के सान्निध्य में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर रात्रिकालीन भव्य सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
आवेदन के अनुसार संत पं. कमल किशोरी नागर द्वारा धर्मांतरण एवं गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध जनजागरण तथा गौ-संरक्षण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उनके सान्निध्य में कई आदिवासी लोगों ने धर्मांतरण से रुख मोड़कर पुनः हिन्दू धर्म में वापसी की है। आवेदन में कहा गया है कि इस क्षेत्र में लगातार धार्मिक एवं सामाजिक जनजागरण के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
भेंट स्वरूप दी गई सामग्री के बीच धमकी का आरोप
समाज की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 4 सितंबर को आयोजित रात्रिकालीन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भेंट स्वरूप प्रदान की गई सामग्री, शाल एवं श्रीफल आदि के बीच एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ। पत्र में जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आने के बाद मामले को गंभीर एवं सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक बताया गया है।
आवेदनकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा संत एवं आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
आवेदन में कहा गया है कि धार्मिक एवं सामाजिक जनजागरण से जुड़े कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की धमकी को हल्के में न लेते हुए पुलिस द्वारा मामले की जांच की जाना आवश्यक है। समाजजनों ने पुलिस प्रशासन से संत पं. कमल किशोरी नागर एवं आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा धमकी के स्रोत का पता लगाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button