मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों पर सख्ती, मावा-पनीर के नमूने लेकर जब्ती की कार्रवाई

।
कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार सघन जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ब्यावरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री के द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान श्री कृष्णा दूध डेयरी, राजगढ़ बाईपास, ब्यावरा से संदिग्ध मावा एवं पनीर के नमूने लिए गए। साथ ही 35 किलोग्राम संदिग्ध मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 9,800 रुपये है, की जब्ती की कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार शारदा दूध डेयरी, जगत चौक, ब्यावरा से पनीर का नमूना लिया गया तथा 20 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 7,200 रुपये है, की जब्ती की कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थ मावा एवं पनीर के नमूने लिए गए हैं तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री की जब्ती की कार्रवाई की गई है। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा के निर्देशन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों, होटल, स्वीट्स एवं किराना दुकानों के निरीक्षण और मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।




