बोडा पुलिस ने भैंस चोरी का किया खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; ₹13 लाख का मशरूका बरामद

राजगढ़। थाना बोडा पुलिस ने ग्राम मंडावर में 19-20 मई 2026 की दरमियानी रात खेत पर बने मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई 3 भैंसों के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गई तीनों भैंसें मय पाड़ा और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप बरामद की है।
फरियादी रामचरण खाती निवासी मंडावर ने 22 मई को थाना बोडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उसके खेत पर बने मकान का ताला तोड़कर अंदर बंधी तीन भैंसें चोरी कर ले गए।
मामले की जांच में पुलिस ने मंडावर, बोडा, पचोर, पीपल्यारसोड़ा और ब्यावरा क्षेत्र के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही करीब 100 मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की गई भैंसों को बोलेरो पिकअप MP-42-ZE-9801 से पैची तरफ ले जाकर बेचने की तैयारी थी।
इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन मालिक अजय योगी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की भैंसें दीपक कंजर को बेचने की बात स्वीकार की।
11 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पचोर हाट बाजार में कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ दीपू कंजर को पकड़ लिया। उसके कब्जे से मंडावर से चोरी की गई तीनों भैंसें मय पाड़ा बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद तीन भैंस मय पाड़ा की कीमत करीब ₹3 लाख और घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप की कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल ₹13 लाख का मशरूका बरामद किया है।

