बाल विवाह रोकने पंचायत स्तर पर तय होगी जवाबदेही, हर ग्राम पंचायत को करना होगा विवाह पंजीयन – मंत्री श्री पटेल

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद पंचायत जीरापुर की ग्राम पंचायत बांगपुरा में ‘नई चेतना 5.0’ जेंडर अभियान एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर जवाबदेही तय करने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए गांव में होने वाले विवाहों का रिकॉर्ड रखने हेतु विवाह रजिस्टर संधारित करना अनिवार्य किया जाएगा। जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का एक भी मामला सामने नहीं आएगा, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल, सांसद श्री रोडमल नागर, खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के राष्ट्रीय सचिव श्री मनीष शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान जेंडर अभियान के साप्ताहिक कैलेंडर एवं जेंडर वर्णमाला पुस्तक का विमोचन किया गया। बाल विवाह उन्मूलन, लखपति दीदी एवं लोक अधिकार केंद्र की गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। बाल विवाह के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता रंगोली एवं सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से भी सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
*बाल विवाह रोकने पंचायतों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका*
– *मंत्री श्री पटेल*
पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इसके लिए पंचायतों, स्कूलों, महिला स्व-सहायता समूहों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। पंचायत स्तर पर विवाहों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने से बाल विवाह की रोकथाम में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का कोई मामला नहीं होगा, उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना आवश्यक है। बेटा और बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। प्रत्येक बेटी को शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने माताओं एवं बहनों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि न स्वयं बाल विवाह करेंगी और न अपने आसपास कहीं बाल विवाह होने देंगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री पटेल ने कहा कि बाल विवाह, नशा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक जागरूकता जरूरी है। वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक गांव और पंचायत को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
*बाल विवाह बच्चों के बचपन और भविष्य के साथ अन्याय*
– *राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल*
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुप्रथा ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बचपन एवं भविष्य प्रभावित होता है। जिस समाज में बेटियों को सम्मान दिया जाता है, वहां उनके बचपन और अधिकारों से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला, न बाल विवाह करेंगे और न होने देंगे। दूसरा, बेटियों को पढ़ाएंगे और आगे बढ़ाएंगे। तीसरा, अपने गांव को नशामुक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
*बेटियों को समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी*
– *सांसद श्री नागर*
सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत का निर्माण केवल शासकीय प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। बेटियों को बेटों के समान शिक्षा, सम्मान एवं अवसर प्रदान करना आवश्यक है। बचपन में सगाई, बाल विवाह एवं बेटियों की पढ़ाई छुड़वाने जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए परिवार और समाज को अपनी सोच में बदलाव लाना होगा। प्रत्येक परिवार यह सुनिश्चित करे कि उसकी बेटी शिक्षा प्राप्त करे और अपने भविष्य का निर्णय लेने में सक्षम बने।
*बाल विवाह मुक्त राजगढ़ बनाने में सभी निभाएं सहभागिता*
– *विधायक खिलचीपुर श्री दांगी*
खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी ने कहा कि राजगढ़ जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामाजिक एवं सामुदायिक स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने के लिए सभी समाजों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायतों को मिलकर काम करना होगा। बेटियों का विवाह निर्धारित कानूनी आयु पूर्ण होने के बाद ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनका सशक्तीकरण ही समाज की प्रगति का आधार है।
*बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक प्रयास जरूरी*
– *श्री मनीष शर्मा*
जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के राष्ट्रीय सचिव श्री मनीष शर्मा ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत बनाना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। इस दिशा में सरकार, प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से देशभर में जागरूकता और बाल विवाह रोकने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोगी संगठनों के प्रयासों से देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। मध्यप्रदेश में भी अप्रैल 2023 से अब तक 62 हजार से अधिक बाल विवाह रुकवाने में नेटवर्क के प्रयास सफल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
*बाल विवाह रुकवाकर पढ़ाई जारी रखने वाली सात बेटियां सम्मानित*
कार्यक्रम में बाल विवाह रुकवाकर अपनी पढ़ाई जारी रखने वाली सुनीता सोलंकी एवं निकिता सहित सात बेटियों धापू, निशा, खुशी तंवर, खुशी वर्मा एवं माया लववंशी को उनके साहस एवं संघर्ष के लिए सम्मानित किया गया। बेटियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह का विरोध कर अपनी शिक्षा जारी रखी। इसके साथ ही बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोक अधिकार केंद्र, विकासखंड राजगढ़ एवं लोक अधिकार केंद्र, विकासखंड खिलचीपुर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर 105 स्व-सहायता समूहों के लिए 5 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। बाल विवाह उन्मूलन के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए गुब्बारे भी छोड़े गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिलाओं एवं ग्रामीणजनों ने बाल विवाह न करने और न होने देने, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा अपने गांव एवं पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
*समा क्रं./001/1506/11/2026 ……..00…….*


