Breaking News

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की प्रगति की कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने की समीक्षा  कृषि विभाग में लाइसेंस संबंधी पेंडेंसी पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जताई नाराजगी

 

राजगढ़    कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए बीज विक्रय लाइसेंस जारी करने तथा कीटनाशक विक्रय लाइसेंस से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने जनपदवार लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि समय-सीमा में आने वाले सभी प्रकरणों का निर्धारित अवधि में निराकरण किया जाए। साथ ही सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में लोक सेवा से संबंधित कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अत्याचार निवारण से संबंधित लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए सभी पात्र शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निराकरण कर उन्हें बंद करने के निर्देश दिए।

 

ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि बिजली बिल में गड़बड़ी से संबंधित एक भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी शिकायतों का परीक्षण कर संतुष्टि पूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में कृषि विभाग की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान एसडीओ कृषि, खिलचीपुर द्वारा शिकायतों का निराकरण नहीं किए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारी को निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारियों के हड़ताल पर जाने के संबंध में निर्देश दिए कि राज्य शासन से इस संबंध में स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त होने तक नियमानुसार वेतन संबंधी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टि पूर्वक निराकरण सुनिश्चित करना है। सभी विभागीय अधिकारी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Related Articles

Back to top button