चेतावनी के बावजूद उफनते नाले में उतारी ईको, 11 लोगों को लेकर बहा वाहन; 7 की मौत, 2 लापता राजगढ़ के सारंगपुर में दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, फिर भी चालक ने तेज बहाव में उतारा वाहन

राजगढ़/सारंगपुर। जिले के सारंगपुर क्षेत्र में सोमवार को बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पड़ाना बायपास पुलिया के पास उफनते नाले को पार करने की कोशिश में 11 यात्रियों से भरी ईको वाहन तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 2 लोगों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं दो यात्री अभी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश में प्रशासन और बचाव दल का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ग्रामीणों और प्रशासन ने किया था मना
जानकारी के अनुसार रविवार रात से क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नाला उफान पर था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और प्रशासनिक अमले ने वाहन चालक को तेज बहाव के बीच से वाहन निकालने से रोकने की कोशिश की थी। इसके बावजूद चालक ने ईको वाहन को पानी में उतार दिया। पानी का बहाव इतना तेज था कि वाहन कुछ ही क्षणों में बहाव की चपेट में आ गया।
देखते ही देखते बह गई ईको
वाहन के नाले में उतरते ही तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वाहन पानी में बह गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल रस्सियों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।
अंधेरे और तेज बहाव के बीच चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। लगातार बारिश, अंधेरा और नाले के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद अभियान जारी रखते हुए सात लोगों के शव बरामद किए गए। दो लापता यात्रियों की तलाश अभी भी जारी है।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के गांव और परिवारों में मातम छा गया। लापता लोगों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं और अपने परिजनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।



