मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन के महामृत्युंजय कीर्ति द्वार की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक जानकारी पर आधारित ऑडियो बुक का किया लोकार्पण
भोपाल :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सोमवार को रात्रि में उज्जैन-इंदौर प्रमुख मार्ग पर स्थित महा मृत्युंजय कीर्ति स्थल पर इस भव्य प्रवेश द्वार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जनकारी पर आधारित ऑडियो बुक का लोकार्पण किया।. 
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उज्जैन के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य के विकास पर महत्वपूर्ण विषयों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन का इतिहास राजा भोज से लेकर सम्राट अशोक तक और भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि गुरुकुल जैसी गौरवगाथाओं से जुड़ा हुआ है। ज्ञात इतिहास में कई कारणों से उज्जैन के गौरवशाली क्षणों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन अब एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, यह महा मृत्युंजय कीर्ति द्वार पत्थर पर कलाकृतियों के माध्यम से उज्जैन के इतिहास को प्रकट करता हुआ अपनी गौरवशाली यात्रा से लोगों को परिचित कराने का माध्यम बन रहा है।
द्वार के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजस्थान के बांसी पहाड़पुर के लाल पत्थरों से निर्मित भव्य प्रवेश द्वार है, जो उज्जैन की पांच हजार वर्षों से अधिक प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। द्वार पर अंकित द्वारपाल जय-विजय, भगवान शिव की भव्य आकृति, नंदी, सिंह और हाथियों की कलात्मक प्रतिमाएं उज्जैन की गौरवशाली परंपराओं को दर्शाती हैं। सिंहासन बत्तीसी की 32 पुतलियां सम्राट विक्रमादित्य के न्याय, वीरता और आदर्श शासन की स्मृति को जीवंत करती हैं। द्वार के मध्य में स्थापित भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा उज्जैन की प्राचीन गुरुकुल परंपरा का स्मरण कराती है, जबकि इसके नीचे स्थित सम्राट अशोक का स्तंभ भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक तरफ भगवान महाकाल का मंदिर है और दूसरी तरफ ओंकारेश्वर का ज्योतिर्लिंग है। ये दोनों ज्योतिर्लिंग मध्य प्रदेश के लिए जीवन के आधार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के माध्यम से आने वाले यात्रियों को उज्जैन का पूरा इतिहास दृश्यमान रूप में, पुस्तकों और पत्थरों के माध्यम से दिखाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सिंहस्थ 2028 के नजरिए से भी उज्जैन के गौरव को इस एंगल से प्रस्तुत किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्मरण कराया कि काल के प्रवाह में 1239 में उज्जैन की गौरवशाली इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया था, जिससे प्राचीन स्थापत्य के कई उदाहरण नष्ट हो गए थे। वह कठिन समय था, लेकिन अब अनुकूल समय में उन गौरवशाली दृश्यों को पुनः पत्थरों के माध्यम से जीवंत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्थर इतिहास बताने के द्वार के रूप में सबके सामने आए, यही प्रयास किया गया है।
नई टेक्नोलॉजी के बलबूते पर कई संसाधनों के साथ इसका प्रदर्शन करने का प्रयास जारी है, जिससे आम जन भी उज्जैन के गौरवशाली अतीत से परिचित हो सकें।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने ऑडियो बुक के लोकार्पण को उज्जैन की सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, सीईओ स्मार्ट सिटी सुश्री नेहा जैन, प्रशासक श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति श्री प्रथम कौशिक और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ना
गरिक उपस्थित रहे।



