RAJGARH

पुलिस और प्रशासन का देवदूत बनकर रेस्क्यू, गाड़गंगा नदी के उफान में फंसी 6 जिंदगियों को सुरक्षित निकाला जल मंदिर परिसर में अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी; एसडीआरएफ ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन

 

राजगढ़/खिलचीपुर। लगातार बारिश के बीच गाड़गंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से खिलचीपुर स्थित जल मंदिर परिसर में 6 लोग बाढ़ के पानी में फंस गए। नदी के तेज बहाव और लगातार बढ़ते पानी के बीच लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी स्वयं मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए रेस्क्यू टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तेज बहाव के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने पूरी सतर्कता और साहस के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

एसपी खुद रेस्क्यू नाव में पहुंचे

रेस्क्यू अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी स्वयं रेस्क्यू नाव में सवार होकर मौके तक पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने समन्वय के साथ फंसे लोगों तक पहुंच बनाई।

कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बाढ़ के पानी में फंसे सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए चलाए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button