. स्वामित्व योजना के रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाएं, सभी पटवारी 70 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य करें पूर्ण – कलेक्टर डॉ. मिश्रा

राजगढ़,
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों की बैठक लेकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी भूखंडों की रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाते हुए सभी पटवारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक पटवारी द्वारा 70 प्रतिशत से अधिक रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी पटवारी नियमित रूप से अपने क्षेत्र में फील्ड पर उपस्थित रहकर रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। जिन ग्रामों में रजिस्ट्री कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष ध्यान देते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा पटवारियों की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र के भूखंड धारकों को उनके भूखंड का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। अतः सभी राजस्व अधिकारी एवं मैदानी अमला आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को गति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि राजगढ़ जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अब तक 74 हजार से अधिक आबादी भूखंडों की रजिस्ट्रियां पूर्ण की जा चुकी हैं। शेष रजिस्ट्री कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।।




