स्कूटी से 63 लीटर अवैध शराब ले जा रहा आरोपी गिरफ्तार होंडा एक्टिवा सहित ₹1.16 लाख का मशरूका जब्त

राजगढ कालीपीठ। थाना कालीपीठ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 63 लीटर प्लेन देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा भी जब्त की है। कुल जब्त मशरूके की कीमत ₹1,16,600 बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नेवी ब्लू रंग की होंडा एक्टिवा से अवैध शराब लेकर कालीपीठ से माचलपुर की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति एक्टिवा से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवा पिता बनेसिंह पवार, निवासी ग्राम कोड़ाकिया, थाना माचलपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7 खाकी रंग की पेटियों में कुल 63 लीटर प्लेन देशी शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत ₹26,600 बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की नेवी ब्लू रंग की होंडा एक्टिवा भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹90 हजार है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




