Breaking News

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला में की गोवर्धन तथा गौमाता की पूजा

 

भोपाल . दीपावली पर्व के पांच दिवसीय प्रकाश उत्सव में प्रदेश भर में गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया गया । रीवा में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की। उप मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गौ माता को भंडारा कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए तथा गोपालकों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार के विजेताओं की राशि तथा प्रदेश की 3000 से अधिक गौशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपए की अनुदान राशि सिंगल क्लिक से प्रदान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा गौ सेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान कृष्ण ने गोपालकों की रक्षा करने और इंद्र के अहंकार को मिटाने के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया। गौ माता में देवी देवताओं का वास होता है। गौ माता की सेवा और पूजा से ही भारत माता की जय होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से चतुर्दिक विकास कर रहा है। यह विकास ईश्वर की कृपा और गौ माता के आशीर्वाद से ही हो रहा है। सड़कों पर बेसहारा और असहाय गौ माता के आश्रय और सेवा के लिए लक्ष्मणबाग, बसावन मामा गौ अभ्यारण और हिनौती गोधाम में समुचित व्यवस्था की गई है। गौ माता की पवित्रता का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग पूजा में होता है। हमें स्वयं को स्वस्थ रखने और भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य है। प्राकृतिक खेती का आधार गोपालन और गौ सेवा ही है। गौ माता के गोबर और गोमूत्र से बने जैविक खाद जैविक कीटनाशक का उपयोग जब हम करेंगे तो माटी का स्वास्थ्य ठीक होगा। इस विष मुक्त खेती से प्राप्त अनाज से हम सब स्वस्थ रहेंगे। सरकार परंपरागत सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सनातन संस्कृति देव भाषा संस्कृत तथा गौ माता की सेवा से ही भारत विश्व गुरु बनेगा। जब भारत विश्व का नेतृत्व करेगा तभी विश्व में शांति होगी।

 

समारोह में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री वेंकटेश बाला शास्त्री ने कहा कि गौ माता की उत्पत्ति समुद्र मंथन से हुई है। दीपावली में प्रातः गो पूजा करने का विधान है। इसके बाद लक्ष्मी माता की संध्या काल में पूजा की जाती है। गो पूजा करने से ही लक्ष्मी माता प्रसन्न होती है। बेसहारा गौ माता के लिए गौशालाएं और गो अभ्यारण्य का निर्माण सरकार की सराहनीय पहल है। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि हमारे प्राचीन धार्मिक ग्रंथो में गौ माता का महत्व बताया गया है। गौ माता अपने बछड़े के हिस्से का दूध देकर मानव के शिशुओं का लालन-पालन करती है। गोपालन प्राकृतिक खेती का आधार है। बसामन मामा में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प की गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने बड़ी प्रशंसा की है। समारोह में नगर निगम के अध्यक्ष श्री वेंकटेश पांडेय ने कहा कि गौ माता में देवी देवताओं का वास होता है। गौ माता के केवल नाम लेने से ही पापों का विनाश होता है। समारोह में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख ने कहा कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक गांव को वृंदावन गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गांवों में गोपालन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार शुरू किए गए हैं। इसमें प्रथम विजेता को एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में पचास हजार तथा तीसरे पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपए की राशि आज दी जा रही है। इन गांवों में दुधारू पशुओं की नस्ल को उन्नत करने के लिए भी प्रबंध किए जा रहे हैं ।

 

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने रीवा तथा गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के वृंदावन गांव के पशुपालकों को गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। रीवा विधानसभा क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार श्री शिवशंकर मिश्रा, द्वितीय पुरस्कार श्री विवेक तिवारी तथा तृतीय पुरस्कार श्री यशोदानंद द्विवेदी को प्रदान किया गया। गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रथम पुरस्कार श्री रामलाल यादव, द्वितीय पुरस्कार श्री लालजी शुक्ला तथा तृतीय पुरस्कार श्री सुनील यादव को प्रदान किया गया। समारोह में उप मुख्यमंत्री ने गौशाला में जन्मदिन मनाने वाली बिटिया संस्कृति मिश्रा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। समारोह में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेंद्र तिवारी, संचालक पशुपालन डॉ. पंकज सिंह, उप संचालक पशुपालन डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अरुणेंद्र शुक्ला, गौशाला संचालन समिति के अध्यक्ष श्री घनश्याम ताम्रकार, जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी स्थानीय जन प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button