श्रीकृष्ण पर्व में सजा भक्ति और संस्कृति का रंग कथक, नृत्य-नाटिका और सूफी भजनों ने मोहा मन

राजगढ़ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बालाजी गार्डन परिसर इमली स्टैंड खिलचीपुर में श्रीकृष्ण पाथेय न्यास मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन राजगढ़ के सहयोग से श्रीकृष्ण पर्व का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में भक्ति, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी की संध्या को विशेष बना दिया।कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधिगण, सहित स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कृष्ण लीलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, आदर्शों एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से लेकर उनके जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों का सजीव मंचन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य, धर्म, कर्तव्य एवं कर्म के प्रति समर्पण तथा अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कथक में जीवंत हुआ श्रीकृष्ण चरित्र
बैंगलुरु की कथक नृत्यांगना सुश्री अदिति तिवारी एवं उनके साथियों ने कृष्णमय नृत्यांजलि प्रस्तुत की। पंडित जसराज की स्वर-माधुरी में ‘कस्तूरी तिलकं’ पर श्रीकृष्ण स्तवन तथा पंडित बिंदादीन महाराज द्वारा रचित अष्टपदी ‘नीरतत ढंग’ पर शुद्ध कथक की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।प्रस्तुति का विशेष आकर्षण श्रीकृष्ण चरित्र पर आधारित नृत्य-नाटिका रही, जिसमें कृष्ण जन्म, उनकी विविध लीलाओं, कुरुक्षेत्र में गीता के संदेश तथा मीरा और सुदामा जैसे कृष्ण भक्तों की भक्ति को नृत्य-अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। गायक श्री नीरज पारीख के साथ सुश्री जिज्ञासा उपाध्याय एवं सुश्री फाल्गुनी जोशी ने सहभागिता की।
सूफी भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
उज्जैन के सूफी भजन गायक श्री राहुल गंधर्व एवं साथियों ने भक्ति गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी। गणेश वंदना के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में ‘मुझे उज्जैन नगर जाना है’, ‘तेरे बिना दिलदार है, मेरा दिल नहीं लगदा’, ‘मुझको मेरे कान्हा जी का प्यार चाहिए’ एवं ‘भोला नाचे मेरा श्मशानों में’ जैसे भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। श्रीकृष्ण पर्व ने खिलचीपुर में जन्माष्टमी उत्सव को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सहभागिता के रंगों से और अधिक भव्य बना दिया।
सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि सरकार द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमें ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ जीवन जीने का संदेश देती हैं। भगवान ने हमें कदम-कदम पर बहुत कुछ दिया है। आज हम वसुधैव कुटुम्बकम् की सोच रखने वाले समाज का हिस्सा हैं। इसलिए प्रकृति से हमने जो कुछ भी प्राप्त किया है, उसे प्रकृति को वापस लौटाना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी किस प्रकार निभाई जाए, यह हमारी नीति और जीवनशैली में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सदैव धर्म और नीति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। हमारे पूर्वजों ने जिन संस्कारों और परंपराओं की नींव रखी, उन्हें आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को सनातन संस्कृति और अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यही हमारी जड़ें हैं और यही हमारी पहचान है। यदि कोई व्यक्ति, समाज या राष्ट्र अपनी सांस्कृतिक जड़ों से कट जाता है, तो उसकी जीवन पद्धति और पहचान भी प्रभावित होती है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भगवान श्रीकृष्ण, कान्हा-कन्हैया लाल का जन्मोत्सव पूरे भारत में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक नई और सराहनीय शुरुआत है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, नीति और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
साथ ही कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री नागर, विधायक खिलचीपुर श्री दांगी, कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने नाट्य प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को शॉल, श्रीफल भेंटकर उनको सम्मानित किया।




