लखनऊ आग हादसे में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया, चार अधिकारी निलंबित

लखनऊ (SHABD) :लखनऊ आग हादसे में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और इनमें से चार को कल रात गिरफ्तार कर लिया। अलीगंज के एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में हुए इस हादसे में 15 विद्यार्थी मारे गए और 9 घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
अलीगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और उत्तर प्रदेश अग्नि सेवा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत छह नामित अभियुक्तों और कुछ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने अलीगंज में इस इमारत को सील कर दिया है। परिसर में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। फोरेंसिक यूनिट और फायर ब्रिगेड की टीम यहां से जांच के लिए सबूत एकत्र करेगी। इस घटना के बाद संबंधित इमारत को लेकर विकास प्राधिकरण की पहले की कार्रवाई और पुराने रिकॉर्ड जांच के दायरे में आ गए हैं। वर्ष 2016 में अनधिकृत निर्माण को लेकर इस इमारत को गिराये जाने का आदेश जारी किया गया था। लेकिन दो महीने से भी कम समय में यह आदेश रद्द कर दिया गया।
राज्य सरकार ने इस अग्निकांड की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। इसके लिए विशेष जांच दल -एसआईटी गठित की गई है और सात दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा गया है।




