Breaking News

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए

 

 

राजगढ़

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए फिटनेस सर्टिफिकेट, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निजी स्कूलों के बस चालकों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने तथा जिन स्कूल बसों का फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं है, उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।

 

पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को उपचार सुविधा मिलने की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही आमजन को योजना की जानकारी देने हेतु सभी अस्पतालों में बड़े सूचना बोर्ड एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए गए। राहवीर योजना के अंतर्गत की गई कार्रवाई, यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी चालानों तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य मामलों की भी समीक्षा की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अलावा संबंधित पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति एवं कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button