आजमगढ़ में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ (SHABD) :आजमगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “साइबर ठगी के जड़ में वार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और अहरौला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देशभर में साइबर अपराधों से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी से प्राप्त रकम का लेन-देन करते थे। इन खातों से जुड़ी 448 साइबर शिकायतें विभिन्न राज्यों से दर्ज मिली हैं। पुलिस जांच में एक बैंक खाते में मात्र तीन दिनों के भीतर करीब 40 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया। तकनीकी और वित्तीय जांच के आधार पर पुलिस ने दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी से जुड़ी लगभग 10 लाख रुपये की रकम फ्रीज कराई गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, कूटरचित मुहरें, विदेशी सिम कार्ड, मोबाइल फोन, ब्लैंक चेक, एक महिंद्रा थार रॉक्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



