जनकल्याण शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र एवं आर्थिक सहायता

Rajgarh:जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ब्यावरा में आयोजित कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि के प्रमाण पत्र वितरित कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 2 हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र एवं क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 5 पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत सामान्य मृत्यु सहायता प्रकरणों में 2 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से लाभ पहुंचाना है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे शासन और आमजन के बीच समन्वय मजबूत हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। शिविर में जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी -कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



