प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास एवं सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित किए —संसदीय कार्य मंत्री

जयपुर, 10 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल एवं ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने बुधवार को जोधपुर के पालड़ी मांगलिया स्थित श्री मंडलनाथ महादेव जी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की समृद्धि, प्रदेश के सर्वांगीण विकास तथा प्रधानमंत्री जी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनकी निर्णायक कार्यशैली एवं जनोन्मुखी नीतियों ने देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने शासन की संवेदनशीलता एवं जवाबदेही को सुदृढ़ किया है तथा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प को मूर्त रूप दिया है। आधारभूत संरचना के विस्तार, आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता एवं आतंकवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, इस कालखंड की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में स्थापित हुई हैं।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों से अधिक का कार्यकाल देश के लोकतांत्रिक इतिहास में उपलब्धियों, नवाचारों एवं जनविश्वास का स्वर्णिम अध्याय है। इस अवधि में लिए गए अनेक ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में सशक्त आधार प्रदान किया है तथा विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दी है।
पूजा-अर्चना उपरांत श्री पटेल ने मंदिर परिसर में भजन संध्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भाग लिया तथा उनसे आत्मीय संवाद करते हुए जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।




