बिहार कैबिनेट के बड़े फैसले: रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग को मिली नई रफ्तार

पटना (SHABD) : बिहार सरकार की कैबिनेट बैठक में आज 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। सरकार ने नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने, युवाओं के लिए 38 नए पद सृजित करने, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लिए 164 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत करने तथा दरभंगा एम्स के लिए मिट्टी भराई और भूमि समतलीकरण कार्य को मंजूरी दी है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के लिए आय सीमा 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल सकेगा। कैबिनेट ने बिहार सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली 2026 को भी मंजूरी दी है। वहीं, मत्स्य संपदा योजना के तहत इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की स्थापना का निर्णय लिया गया है। सरकार का दावा है कि इन फैसलों से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से अधिक मजबूत होंगी।



