उत्तराखंड

गढ़वाल आयुक्त ने किया जिला चिकित्सालय पौड़ी का औचक निरीक्षण

पौड़ी गढ़वाल (SHABD): गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने आज जिला चिकित्सालय, पौड़ी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल दिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद किया और व्यवस्थाओं के संबंध में भी फीडबैक लिया। आयुक्त ने अस्पताल में फायर सेफ्टी ऑडिट कराए जाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा गढ़वाल आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सा उपकरणों, मानव संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं, आवश्यकताओं एवं कमियों का विस्तृत विवरण तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ताकि आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Related Articles

Back to top button