सहरसा के पटेल मैदान में शिल्प मेला शुरू, कई राज्यों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र

पटेल मैदान (सहरसा , बिहार) : सहरसा के पटेल मैदान में 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित शिल्प मेला का शुभारंभ उद्योग विभाग के महाप्रबंधक मुकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में देश के कई राज्यों से आए दुकानदारों ने अपने-अपने उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री के लिए स्टॉल लगाए हैं। इस मेले की खासियत यह है कि यहां भारत के विभिन्न राज्यों में बनने वाले पारंपरिक और विशिष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर देखने और खरीदने को मिलते हैं।
जम्मू-कश्मीर से आए दुकानदार साबिर अहमद ने बताया कि वे पिछले वर्ष भी इस मेले में शामिल हुए थे और यहां का अनुभव बेहद अच्छा रहा। उन्होंने कहा, “यहां के लोग बहुत अच्छे हैं और हमारे सामानों की बिक्री भी अच्छी होती है। मैं लोगों से आग्रह करता हूँ कि वे आएँ और हमारे उत्पाद खरीदकर हमें प्रोत्साहित करें।”
ग्राहक चंदन कुमार ने कहा कि मेले में ‘लोकल फ़ॉर वोकल’ की भावना स्पष्ट दिखती है। उन्होंने बताया, “मैं यहाँ विभिन्न राज्यों के उत्पाद खरीदता हूँ। बचपन में मिलने वाली कई वस्तुएँ आज दुर्लभ हो चुकी हैं, लेकिन इस मेले में वे भी उपलब्ध हैं।”
महाप्रबंधक मुकेश कुमार ने बताया कि पटेल मैदान में लगने वाला यह शिल्प मेला विभिन्न राज्यों की संस्कृति और कला से रूबरू होने का अवसर प्रदान करता है। कश्मीर, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के कारीगर यहाँ आकर अपने स्थानीय उत्पाद बेच रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन उत्पादों को खरीदकर कारीगरों का समर्थन करें और देश की विविध संस्कृति को जानें।



