RAJGARH

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया निरीक्षण*   साफ-सुथरी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के दिए निर्देश 

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बुधवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की आंतरिक व्यवस्थाओं, विभिन्न विभागों के कार्यालयों की स्थिति तथा चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित सभी विभागों के कार्यालय साफ-सुथरे, व्यवस्थित एवं नागरिकों के अनुकूल दिखाई दें। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां आवश्यक निर्माण कार्य, मरम्मत एवं पार्टीशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि कार्यालयीन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कलेक्ट्रेट भवन के सामने स्थित पार्क का भी अवलोकन किया। उन्होंने पार्क की सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्री में फेंसिंग कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही पार्क की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर जिले का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र है, अतः इसकी व्यवस्था, स्वच्छता एवं सौंदर्य बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्माण विभाग को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button