आरएसजीएल द्वारा कोटा में 70 हजार परिवारों को डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ने की आधारभूत संरचना विकसित

जयपुर, 23 अप्रेल। कोटा कलेक्टर श्री पीयूष समरिया ने कहा है कि कोटा के जिन-जिन क्षेत्रों में राजस्थान स्टेट गैस द्वारा पाइपलाइन से घरेलू गैस सुविधा के लिए आधारभूत सुविधा विकसित कर ली गई है उन क्षेत्रों में प्राथमिकता से डीपीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराएं। सरकार द्वारा कालोनियों में डीपीएनजी कनेक्शन जारी कर उन क्षेत्रों को एलपीजी फ्री जोन घोषित करने पर जोर दिया जा रहा हैं। उन्होंने आरएसजीएल से कालोनियों मंे जागरुकता शिविर आयोजित कर डीपीएनजी कनेक्शन देने, औद्योगिक क्षेत्रों में भी कनेक्शन जारी करने और सीएनजी-पीएनजी सुविधा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
कोटा कलेक्टर श्री पीयूष समरिया से राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक श्री विनय पाटनी ने मुलाकात कर कोटा शहर में आरएसजीएल द्वारा पाइपलाइन बिछाने और सीएनजी स्टेशनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण मुक्त हरित उर्जा को बढ़ावा देने के लिए सस्ती, सुरक्षित और 24 गुणा 7 उपलब्ध घरेलू गैस सुविधा के लिए एलपीजी सिलेण्डरों पर निर्भरता छोड़कर डीपीएनजी सुविधा से जो़ड़ जाएं।
आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक श्री विनय पाटनी ने बताया कि कोटा शहर में करीब 70 हजार परिवारों को डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ने का नेटवर्क विकसित किया जा चुका है। पाइपलाइन से घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने के साथ ही आरएसजीएल द्वारा उद्योगों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ढ़ाबा, होस्टल, रेस्टोरेंट आदि को भी डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर उपमहाप्रबंधक कोटा श्री सीपी चौधरी, उपमहाप्रबंधक मार्केटिंग श्री विवेक रंजन, उपमहाप्रबंधक सीएनपी श्री विवेक श्रीवास्तव भी चर्चा के दौरान उपस्थित रहे।




