सही मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम से ही मिलती है सफलता – डॉ. राजेन्द्र विजयवर्गीय

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ के वाणिज्य विभाग द्वारा वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों हेतु “वाणिज्य में विद्यार्थियों के लिए करियर के विविध अवसर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक करियर मार्गदर्शन व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. बी. खरे के मार्गदर्शन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वाणिज्य के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं रूपरेखा वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. प्रकाश कुमार अहिरवार द्वारा प्रस्तुत की गई।इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. खरे द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान प्रति स्पर्धात्मक युग में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं सतत अध्ययन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेन्द्र कुमार विजयवर्गीय प्राध्यापक वाणिज्य,प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर हमीदिया महाविद्यालय भोपाल ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को वाणिज्य क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर संभावनाओं के संबंध में विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बैंकिंग, बीमा, वित्तीय सेवाएं, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कंपनी सेक्रेटरी, एमबीए, प्रशासनिक सेवाएं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास एवं नियमित अध्ययन के महत्व को विभिन्न प्रेरणादायी उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
साथ ही डॉ. विजयवर्गीय ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा राजगढ़ में हुई तथा उच्च शिक्षा शासकीय महाविद्यालय राजगढ़ में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थी भी यदि दृढ़ संकल्प, अनुशासन एवं सही दिशा में प्रयास करें तो वे उच्च प्रशासनिक एवं प्रतिष्ठित पदों तक पहुँच सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थी विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चयनित होकर सफलता प्राप्त कर चुके हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा करियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका उत्तर मुख्य वक्ता डॉ. राजेन्द्र कुमार विजयवर्गीय द्वारा अत्यंत सरल, प्रेरणादायी एवं संतोषपूर्ण तरीके से प्रदान किया गया। विद्यार्थियों ने संवादात्मक सत्र में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक बताया।



