Breaking News

बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता का संदेश लेकर निकला रथ, 15 दिन तक चलेगा विशेष अभियान बाल श्रम मुक्त समाज की दिशा में पहल राजगढ़ में जागरूकता रथ का शुभारंभ

 

बच्चों को श्रम नहीं शिक्षा मिले कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जागरूकता रथ को किया रवाना

 

राजगढ़    जिले में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से म मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा बाल श्रम जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का स्थान कार्यस्थलों पर नहीं बल्कि विद्यालयों में है। बाल श्रम न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य और समाज के समग्र विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

यह जागरूकता रथ 15 दिवसीय विशेष “ब्रेक द ब्रिक अभियान राजगढ़” के अंतर्गत जिले के समस्त नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। अभियान के दौरान बाल श्रम निषेध से संबंधित संदेश, पंपलेट, ऑडियो संदेश एवं जनसंवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के ऐसे 8 विशेष क्षेत्रों को भी चिन्हित किया गया है, जहां बाल श्रम की संवेदनशीलता अधिक है। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित कर नागरिकों, व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम निषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देशन में यह जागरूकता रथ प्रत्येक नगरीय क्षेत्र में पहुंचकर संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी से बाल श्रम निषेध अधिनियम के पालन के संबंध में एक निर्धारित फॉर्म एवं फीडबैक भी प्राप्त करेगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान श्रम विभाग द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, होटल ढाबों एवं अन्य संभावित कार्यस्थलों पर निरीक्षण कर बाल श्रम के विरुद्ध सख्त निगरानी भी रखी जाएगी। साथ ही बच्चों को श्रम से मुक्त कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

 

इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी श्री सौरव गुप्ता, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री श्याम बाबू खरे, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजीत सिंह, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री साकेत शर्मा, विशेष किशोर पुलिस इकाई से श्री भिलाला, अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी की टीम सहित श्रम विभाग राजगढ़ का संपूर्ण अमला उपस्थित रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया और यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक बचपन मिलना चाहिए।

Related Articles

Back to top button