रंग पंचमी पर राजगढ़ में गैर यात्रा में झूमे युवा, राजमहल परिसर में महिलाओं ने होली के गानों पर किया डांस

राजगढ़। रंग पंचमी के अवसर पर राजगढ़ नगर में रविवार को फागोत्सव महोत्सव पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगत के साथ मनाया गया। नगर के प्रमुख मार्गों पर युवाओं की टोलियां नाचते-गाते हुए नजर आईं। रंग-गुलाल उड़ाते हुए युवाओं ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी
इस अवसर पर नगर के राजमहल परिसर से गैर यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए, जो नाचते-गाते और रंग-गुलाल उड़ाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। गैर यात्रा ब्यावरा नाका, सब्जी बाजार, बड़ चौक सहित अन्य मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी, वहीं स्थानीय लोगों के द्वारा जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया और रंगों के इस उत्सव में सहभागी बने।
गैर यात्रा के दौरान युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते रहे। युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली भी खेली, जिसमें एक-दूसरे के कपड़े फाड़कर होली खेली । इस अनोखे अंदाज में होली खेलते हुए युवाओं ने जमकर मस्ती की और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
वहीं राजमहल परिसर में मातृशक्ति की भागीदारी देखने को मिली। यहां महिलाओं ने होली के भजनों और गानों पर सामूहिक रूप से डांस किया। भक्ति और उल्लास से सराबोर माहौल में महिलाओं ने रंग पंचमी के पर्व को और भी यादगार बना दिया।
गैर यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः राजमहल परिसर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में नगरवासी एकत्रित हुए। और फाग उत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया


