राजगढ़ में धूमधाम से मनाया गया फाग महोत्सव, भगवान श्रीनाथ जी को अर्पित हुए रंग-गुलाल

राजगढ़। फाल्गुन माह के पावन अवसर पर राजगढ़ के प्राचीन मंदिरों में स्थित बड़े श्रीनाथ जी और छोटे श्रीनाथ जी मंदिर में आज श्रद्धा और उल्लास के साथ फाग महोत्सव मनाया गया। भक्तों ने भगवान श्रीनाथ जी को पलाश के फूलों से बनी प्राकृतिक गुलाल एवं रंग अर्पित कर होली का उत्सव मनाया।
मंदिर परिसर में हवेली संगीत और पारंपरिक फाग राग की मधुर प्रस्तुतियों के बीच भगवान को प्रेमपूर्वक लाड़ लगाया गया। भक्ति रस में सराबोर वातावरण में वैष्णव जनों ने भगवान के साथ रंग खेलकर फाग उत्सव की आनंदमयी अनुभूति की।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। आरती के पश्चात भगवान श्रीनाथ जी को मोहनथाल का भोग अर्पित किया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, रंग और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
फाग महोत्सव ने राजगढ़ में आध्यात्मिक उमंग और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संदेश दिया।

