होली, रंग पंचमी और उर्स को लेकर प्रशासन अलर्ट शांति समिति की बैठक में लिए गए अहम निर्णय

राजगढ़ में होली, रंग पंचमी और उर्स मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने पर चर्चा हुई।
प्रशासन ने साफ किया कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग डालने या नशाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं।
उर्स मेले के दौरान भी मेला परिसर में नशा करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। महिला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाएगी। नशा करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेले में सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों, पार्किंग क्षेत्र, दुकानों की कतार और झूला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस बल के साथ समिति के वॉलिंटियर भी व्यवस्था संभालेंगे।
उर्स मेले में दोपहिया वाहन का पार्किंग शुल्क 20 रुपए और चारपहिया वाहन का 50 रुपए तय किया गया है। बच्चों के झूलों का शुल्क 20 रुपए और बड़े झूलों का 30 से 40 रुपए रहेगा।
बैठक में विधायक अमर सिंह यादव, भाजपा महामंत्री देवी सिंह सोंधिया, एसडीएम निधि भार्गव, थाना प्रभारी मंजू मखेनिया,। दरगाह कमेटी के सदर हाफिज मोहम्मद इलियास नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




