Breaking News

जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु चार दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न 17 से 20 फरवरी तक राजगढ़ में हुआ सफल आयोजन

राजगढ़

भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के अंतर्गत जिले में 17 फरवरी से 20 फरवरी, 2026 तक चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध रूप से संपादित करना रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री दिलीप साहू एवं श्रीमती श्रुति पाटीदार द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की संपूर्ण प्रक्रिया, प्रपत्रों के संधारण, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, हाउस लिस्टिंग तथा अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त चार्ज अधिकारी, अनुविभागीय चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, नगरीय क्षेत्र हेतु आयोजित सत्र में सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं प्रभारी श्री पी.ओ. डूडा भी शामिल हुए।

इस अवसर पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा तथा अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री कमल किशोर राज की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य को गंभीरता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए तथा इसे राष्ट्रीय महत्व का दायित्व बताते हुए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर सतत प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आगामी चरणों का क्रियान्वयन प्रभावी एवं सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button