नातरा झगड़ा प्रथा में खेत का भूसा जलाया, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़। जिले के मलावर थाना क्षेत्र में नातरा झगड़ा प्रथा से जुड़े एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में जिले में इस प्रकार के अपराधों पर संवेदनशीलता एवं सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मलावर उप निरीक्षक रजनेश सिरोठिया ने मामले में तत्परता दिखाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को फरियादी पर्वत सिंह धाकड़ निवासी जामोनिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में रखे भूसे में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे लगभग 5 हजार रुपये का नुकसान हुआ। घटना स्थल के पास एक पर्ची भी मिली, जिसमें ग्राम खेजड़खो के लोगों से झगड़ा देने का उल्लेख था।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 78/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर ग्राम खेजड़खो निवासी 27 वर्षीय राधेश्याम भील को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।


