RAJGARH

घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहन में अवैध रिफिलिंग, दो गिरफ्तार 3 सिलेंडर, रिफिलिंग मोटर और इको कार सहित ₹5.10 लाख का मशरूका जब्त

राजगढ छापीहेड़ा। थाना छापीहेड़ा पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और एक इको कार सहित कुल ₹5.10 लाख का मशरूका जब्त किया।

 

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर मुकाती को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजुरी रोड स्थित एक मकान के सामने घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में गैस रिफिलिंग की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां सफेद रंग की इको कार में घरेलू गैस सिलेंडरों से मोटर के माध्यम से गैस रिफिलिंग करते दो व्यक्ति मिले।

 

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनुराग जायसवाल पिता महेश जायसवाल, निवासी खजुरी रोड छापीहेड़ा और सोनू साहू पिता जुगल किशोर साहू, निवासी भाटखेड़ा बताया। पुलिस द्वारा गैस रिफिलिंग से संबंधित दस्तावेज एवं अनुमति मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

 

पुलिस ने मौके से इंडियन कंपनी के तीन घरेलू गैस सिलेंडर, एक गैस रिफिलिंग मोटर तथा इको कार क्रमांक MP 09 AT 5448 जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹5.10 लाख बताई गई है।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 287 बीएनएस एवं धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button