दुग्ध समितियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, दूध की आपूर्ति आज से शुरू

राजगढ़। दूध के भाव को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को जिले की विभिन्न दुग्ध समितियों से जुड़े पशुपालक और किसान देवनारायण मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से सभी बाइक रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
प्रशासन की ओर से पशुपालकों को 30 सितंबर तक दूध के भाव को लेकर उचित निर्णय का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद दुग्ध समितियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
इधर, दूध की आपूर्ति रुकने से शहर में बनी कमी के बाद अब नगरवासियों के लिए राहत की खबर है। दुग्ध समितियों के आंदोलन स्थगित करने के बाद शनिवार सुबह से बाजार में दूध की आपूर्ति और बिक्री सामान्य होने की उम्मीद है।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 30 सितंबर तक दूध के भाव में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो 1 अक्टूबर को प्रशासन से दोबारा चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी


