अतिवृष्टि के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देशन में मैदानी अमला सतर्क, आमजन से सावधानी बरतने की अपील

राजगढ़ जिले में अतिवृष्टि की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही मैदानी अमले के माध्यम से नदी-नालों, पुल-पुलियों एवं रपटों पर जलभराव की स्थिति में आवागमन नहीं करने के संबंध में आमजन को समझाइश दी जा रही है।जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जहां नदी-नालों, पुल-पुलियों अथवा रपटों पर पानी का तेज बहाव या जलभराव हो, वहां से आवागमन न करें। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी जोखिम उठाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन द्वारा विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को जलभराव वाले स्थानों, नदी-नालों एवं पुल-पुलियों के आसपास जाने से रोकें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षा एवं जलभराव की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। आमजन से अपील है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।



