Breaking News

पावरग्रिड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में समेकित आधार पर ₹3,866 करोड़ का कर पश्चात लाभ (पीएटी) दर्ज किया


  • नई दिल्ली । पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त हुई वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही एवं पहली छमाही के वित्तीय परिणामों की घोषणा की है।

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में, कंपनी ने एकल आधार पर क्रमशः ₹3,819 करोड़ का कर पश्चात लाभ (पीएटी) और ₹11,900 करोड़ की कुल आय दर्ज की। वहीं, समेकित आधार पर कंपनी का कर पश्चात लाभ ₹3,866 करोड़ और कुल आय ₹12,055 करोड़ रही, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः 8% और 3% की वृद्धि दर्शाती है।

कंपनी ने 30 सितंबर, 2026 तक समेकित आधार पर ₹16,864 करोड़ का पूंजीगत व्यय किया तथा ₹9,300 करोड़ की परिसंपत्तियों का पूंजीकरण किया (एफईआरवी को छोड़कर तथा वित्तीय पट्टे के रूप में पूंजीकृत परिसंपत्तियों सहित)। 30 सितंबर, 2026 तक समेकित आधार पर पावरग्रिड की सकल अचल परिसंपत्तियां ₹3,29,852 करोड़ (सकल लीज प्राप्य सहित) रहीं।

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के अंत में, पावरग्रिड एवं उसकी सहायक कंपनियों की कुल पारेषण परिसंपत्तियों में 1,87,576 सर्किट किलोमीटर पारेषण लाइनें, 293 सबस्टेशन तथा 6,49,116 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता शामिल रही। पावरग्रिड ने दूसरी तिमाही तक 99.81% की औसत पारेषण प्रणाली उपलब्धता बनाए रखी।

दूसरी तिमाही के दौरान, टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) के अंतर्गत पावरग्रिड छह पारेषण परियोजनाओं के लिए सफल बोलीदाता के रूप में उभरी। इनमें पांच अंतरराज्यीय पारेषण प्रणाली (आईएसटीएस) परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें ±800 केवी बाड़मेर-II-साउथ कलाम्ब एचवीडीसी परियोजना भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, एक अंतरराज्यीय पारेषण प्रणाली (आईएनएसटीएस) परियोजना भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button