जेएसएससी-सीजीएल मामले में बीएसओ हिरासत में, अभय तिवारी के भाई-पत्नी से भी पूछताछ

चतरा (SHABD) : जेएसएसी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में सीआईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में पत्थलगड्डा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तेजनारायण पंडित को हिरासत में लिया गया है। उनसे परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में तेजनारायण पंडित की क्या भूमिका रही और किन लोगों से उनका संपर्क था। पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े तथ्यों और संभावित कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, सीआईडी के रडार पर अभय तिवारी के परिवार के सदस्य भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, अभय तिवारी के भाई और पत्नी को भी डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। दोनों से अभय तिवारी से जुड़े संपर्कों और जेएसएसी-सीजीएल मामले में संभावित जानकारी को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। सीआईडी की इस कार्रवाई से जेएसएसी-सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच और तेज होने के संकेत हैं। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर जांच पूरी होने तक कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मामले में सीआईडी पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती है।




