Breaking News

 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से नरसिंहगढ़ में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की

 

 

राजगढ़

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नरसिंहगढ़ में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूना निरीक्षण की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री की उपस्थिति में बस स्टैंड नरसिंहगढ़ स्थित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान केमिस्ट श्री संदीप प्रजापति द्वारा मौके पर खाद्य पदार्थों की टेस्टिंग की गई। निरीक्षण के दौरान रघुवंशी भोजनालय, मानसरोवर कोल्ड ड्रिंक, नेहा कोल्ड ड्रिंक, महाकाल ठेला, लव रेस्टोरेंट एवं चौधरी रेस्टोरेंट से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, दालचीनी, आटा, तुवर दाल, नमक, कोल्ड ड्रिंक, मूंग दाल, आइसक्रीम, समोसा, चटनी, कचोरी, जलेबी, भाजी बड़ा, पेड़ा, बेसन, बर्फी एवं मलाई बर्फी आदि खाद्य पदार्थों का नमूना निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खत्री द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी

Related Articles

Back to top button