बिहार-झारखण्‍ड

गया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बरामद

गयाजी (SHABD) :गया पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित बुधौल गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के कथित संचालक एवं हथियार तस्कर मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से निर्मित एवं अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में अवैध रूप से हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद गया पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार देर शाम छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री, पिता मदन मिस्त्री, निवासी बुधौल, थाना वजीरगंज, जिला गया को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में वजीरगंज थाना कांड संख्या 313/26 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध हथियारों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बड़े देसी दोनाली बंदूक, एक बड़ा लोहे का देसी एकनाली (मस्केट) बंदूक, दो देसी कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित देसी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न उपकरण, पुर्जे और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियारों एवं अन्य सामग्रियों की जांच की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क का पता लगाने तथा अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Articles

Back to top button