नीति आयोग की राष्ट्रीय कार्यशाला के द्वितीय सत्र में शामिल हुए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा

राजगढ़,
नीति आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के द्वितीय सत्र में राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सम्मिलित हुए। कार्यशाला के इस सत्र में नेतृत्व, दूरदर्शिता, नवाचार एवं निर्णायक कार्यवाही के माध्यम से देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और विकास की प्रेरक यात्राओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला के द्वितीय सत्र में चार प्रमुख विषयों को केस क्लिनिक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इनमें महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘लखपति दीदी’ पहल के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, वर्ष 2001 के भूकंप के बाद कच्छ के पुनर्निर्माण, भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के नए अवसरों को विकसित करने तथा कोविड-19 महामारी के दौरान उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के अनुभवों को प्रमुखता से शामिल किया गया।
सत्र में वास्तविक अनुभवों एवं संस्थागत कार्यप्रणालियों के माध्यम से यह समझने पर विशेष जोर दिया गया कि किस प्रकार चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित किया जा सकता है तथा प्रभावी नीतियों, दूरदर्शी नेतृत्व और समयबद्ध निर्णयों के माध्यम से योजनाओं को धरातल पर परिणामों में बदला जा सकता है।
केस क्लिनिक में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों को साझा करते हुए सुशासन, जनकल्याण, संस्थागत क्षमता निर्माण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, सफल पहलों से प्राप्त सीख को प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अपनाने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उपयोगी जानकारियां साझा की गईं।
कार्यशाला का उद्देश्य देश में लोकसेवा के क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों को सफल नेतृत्व के अनुभवों, नवाचारों एवं बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणालियों से अवगत कराना तथा उनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करना है।



