*केसरी वाटिका में 125 से अधिक तपस्वियों ने किया वर्षीतप का उच्चारण* *वर्षीतप की आराधना हमारी श्रद्धा, आस्था और आत्मकल्याण का मार्ग* *18 मार्च 2027 को जावरा के मंहोमाः पार्श्वनाथ मंदिर की प्रतिष्ठा होगी*

*इंदौर।* एयरपोर्ट रोड स्थित श्री केसरी वाटिका में आयोजित द्विशताब्दी गुरुराज स्पर्श चातुर्मास–2026 के अंतर्गत मंगलवार, 17 नवंबर को परम पूज्य गच्छाधिपति जैनाचार्य श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी महाराज साहब की पावन निश्रा में भव्य वर्षीतप उच्चारण महोत्सव एवं धर्मसभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर 125 से अधिक वर्षीतप आराधकों ने गुरुभगवंतों की निश्रा में वर्षीतप उच्चारण की विधि संपन्न की। जावरा सहित विभिन्न स्थानों से आए तपस्वियों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन धर्ममय बन गया।
धर्मसभा में वरिष्ठ मुनिराज डॉ. सिद्धरत्न विजयजी म.सा. ने कहा कि तपस्या का वास्तविक उद्देश्य केवल शरीर को कष्ट देना नहीं, बल्कि कर्मों की निर्जरा कर आत्मकल्याण एवं मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होना है। वर्षीतप, सिद्धितप, मासक्षमण, अठाई अथवा कोई भी तप हो, उसमें समता, क्षमा और शांति का भाव बनाए रखना आवश्यक है। विशेषकर पारणे के समय हमारी समता की परीक्षा होती है। जैसा भी आहार मिले, उसके प्रति संतोष रखना चाहिए। तपस्या के साथ समता और क्षमा का भाव जुड़ जाए, तभी वास्तविक कर्मक्षय संभव है। उन्होंने तपस्वियों को गुरुदेव की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त कर अपने तप के संकल्प को पूर्ण करने की प्रेरणा दी।
प.पू. विद्वदरत्न विजयजी म.सा. ने अपने प्रवचन में कहा कि वर्षीतप जैन धर्म की प्राचीन एवं महान तप आराधना है, जो असंख्य वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है। वर्ष 2026 में वर्षीतप की आराधना के साथ पूज्य गच्छाधिपतिश्री का चातुर्मास होना तपस्वियों के लिए विशेष सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि तपस्या के मार्ग पर संकल्प लेने के बाद उसे पूर्ण निष्ठा से निभाना चाहिए। जीवन में भौतिक सुख-सुविधाओं का उपभोग बहुत कर लिया, अब आत्मकल्याण के लिए तप, त्याग और धर्म को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
महाराजश्री ने कहा कि तप और आराधना की भावना संप्रदाय की सीमाओं से ऊपर है। किसी भी संप्रदाय के तपस्वी भगवान की आज्ञा का पालन करते हुए तपस्या करते हैं, यह धर्म की प्रभावना का ही स्वरूप है। उन्होंने गुरु परंपरा के आशीर्वाद को धर्म और तप की निरंतरता का आधार बताते हुए तपस्वियों की आराधना की अनुमोदना की।
मीडिया समन्वयक राजेश जैन युवा ने बताया की प्रवचन के दौरान विद्वदरत्न विजयजी म.सा. ने आगामी जिनबिंब प्रतिष्ठा महोत्सव का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक जिनबिंब प्रतिष्ठा का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा छोटी हो या बड़ी, अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार प्रतिष्ठा में सहभागिता करना पुण्यदायी है। जिनबिंब भगवान की प्रतिमा जीवन में श्रद्धा, आराधना और आत्मकल्याण का अवलंबन बनती है।
*125 से अधिक तपस्वियों का किया बहुमान*
कार्यक्रम में 125 से अधिक वर्षीतप आराधकों ने वर्षीतप उच्चारण की विधि पूर्ण की। जावरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पधारे तपस्वियों की इंदौर श्रीसंघ की ओर से तपस्या की अनुमोदना करते हुए उनका बहुमान किया गया। तपस्वियों के त्याग, तप और साधना की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन नीरज सुराणा ने किया।
*जावरा स्थित मनमोहन पार्श्वनाथ एवं गुरु मंदिर के शिखरबंद जिनालय के मुहूर्त लेने जावरा से सैकड़ो लोग उपस्थित हुए थे, प.पु. गच्छाधिपतिजी ने दिनांक 18 मार्च 2027 को जावरा में प्रतिष्ठा कराने का मुहूर्त प्रदान किया।*



