सांस अभियान एवं नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ* – नन्हें शिशु, उज्ज्वल भविष्य : बेहतर कल के लिए निरंतर देखभाल’ थीम पर आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां

इंदौर,
प्रदेश में बाल मृत्यु दर में कमी लाने तथा पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से जिले में सांस (SAANS) अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर 2026 तक नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता और स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित कर शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
निमोनिया पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है। कमजोर प्रतिरक्षा क्षमता वाले बच्चों में यह संक्रमण तेजी से फैलकर गंभीर रूप धारण कर सकता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में देर से उपचार, घरों में धुएं का वातावरण, भीड़भाड़, स्वच्छता की कमी तथा समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाना बच्चों की स्थिति को गंभीर बना देता है। कुल बाल मृत्यु में निमोनिया की हिस्सेदारी लगभग 17.2 प्रतिशत है।
प्रदेश में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में प्रति एक हजार जीवित जन्म पर लगभग 41 बच्चों की मृत्यु हो जाती है। वर्तमान में निमोनिया के कारण प्रति एक हजार बच्चों में 5.1 बच्चों की मृत्यु हो रही है। अभियान के माध्यम से इस आंकड़े को घटाकर प्रति एक हजार जीवित जन्म पर तीन से कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
सांस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, मानक उपचार व्यवस्था तथा नवंबर से फरवरी तक विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही निमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) का टीका सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध कराया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों में निमोनिया के लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाए। तेज सांस चलना, सीने की त्वचा का धंसना, लगातार बुखार, खांसी, सीने में घरघराहट, भूख कम लगना, दूध नहीं पीना, बच्चा सुस्त होना, थकान तथा होंठ या नाखून नीले पड़ना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावक तत्काल बच्चे को स्वास्थ्य संस्था ले जाकर उपचार कराएं। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं को निर्देशित किया है कि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही डीएसएस (DSS) टूल का उपयोग करते हुए निमोनिया से ग्रसित बच्चों की स्क्रीनिंग, वर्गीकरण, उपचार एवं समुचित प्रबंधन किया जाए, ताकि गंभीर स्थिति वाले बच्चों को समय पर उपचार मिल सके।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता ने बताया कि 15 से 21 नवंबर 2026 तक नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘नन्हें शिशु, उज्ज्वल भविष्य : बेहतर कल के लिए निरंतर देखभाल’ रखी गई है। इसका उद्देश्य नवजात शिशुओं को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद भी बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना तथा उनके दीर्घकालिक स्वास्थ्य एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना है। केवल जीवित रहना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नवजात का स्वस्थ रहना और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
इस उद्देश्य से जिले के शहरी एवं ग्रामीण विकासखंडों में स्वास्थ्य संस्थाओं तथा सामुदायिक स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक उपचार, टीकाकरण तथा अभिभावकों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

