एक मासूम की खामोशी को समझा, हुई उसकी पहचान* *न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह-2026 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़ की संवेदनशील एवं मानवीय पहल

राजगढ़
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह-2026 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ द्वारा गोपाल शिशु गृह, राजगढ़ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह जिला न्यायाधीश श्री सुरेश कुमार शर्मा द्वारा एक लगभग 6 वर्षीय बालक की विशेष काउंसलिंग की गई। इस काउंसलिंग के दौरान ऐसी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं, जिनसे स्वयं संस्था के जिम्मेदार अधिकारी भी अनभिज्ञ थे। उक्त बालक लगातार स्वयं को गुजरात का निवासी बता रहा था। प्रथम दृष्टया उसका व्यवहार सामान्य, विनम्र एवं सहज प्रतीत होता था, किंतु उसके हाव-भाव और बातचीत के दौरान कुछ ऐसी असहजता परिलक्षित हो रही थी, जिससे यह महसूस हुआ कि बालक के मन में कोई अनकही बात अथवा भय छिपा हुआ है। उसके व्यवहार में कहीं न कहीं असुरक्षा और किसी बात को छिपाने का भाव दिखाई दे रहा था।
सचिव सह जिला न्यायाधीश श्री सुरेश कुमार शर्मा ने बालक की इस मनःस्थिति को संवेदनशीलता से समझते हुए उससे आत्मीयतापूर्वक संवाद किया तथा विशेष काउंसलिंग के माध्यम से उसका विश्वास अर्जित करने का प्रयास किया। परिणामस्वरूप बालक ने धीरे-धीरे अपने मन की बात साझा की और अपना वास्तविक नाम बताते हुए यह जानकारी दी कि वह गुजरात का नहीं, बल्कि मुंबई का निवासी है। उसने अपने माता-पिता के साथ घटित किसी घटना के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। बालक द्वारा दी गई इन जानकारियों से उसके वास्तविक पारिवारिक एवं निवास संबंधी तथ्यों की एक नई कड़ी सामने आई, जिसकी जानकारी अब तक संस्था को भी नहीं थी। स्थिति की गंभीरता एवं बालक के हित को दृष्टिगत रखते हुए सचिव द्वारा संस्था के प्रभारी को निर्देशित किया गया कि बालक की पहचान, पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं अभिभावकों से संबंधित तथ्यों का समुचित सत्यापन करते हुए उसे उसके वास्तविक गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए आवश्यक समन्वय एवं नियमानुसार विशेष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह संपूर्ण घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि कभी-कभी एक मासूम बच्चा अपनी पीड़ा शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाता, बल्कि उसके हाव-भाव और व्यवहार ही उसकी अनकही कहानी बयां करते हैं। उक्त बालक मुंबई से राजगढ़ तक कैसे पहुंचा और इस पूरी अवधि में किन परिस्थितियों से गुजरा, यह अपने आप में गंभीरता से समझे जाने योग्य विषय है। विशेष काउंसलिंग के अभाव में संभवतः उसकी वास्तविक पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि सामने आने में और विलंब हो सकता था। यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि विधिक सेवा का उद्देश्य केवल कानूनी सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर एवं असहाय वर्ग, विशेषकर बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और गरिमा की रक्षा करना भी है। किसी बच्चे की खामोशी को समझना, उसके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में उठाया गया सबसे महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।




