बिहार-झारखण्‍ड

मुहर्रम के अवसर पर पटना सिटी में निकाला गया मातमी जुलूस

पटना सिटी (SHABD) :मुहर्रम के पाक अवसर पर पटना सिटी के चमडोरिया इलाके से हज़रत इमाम हुसैन के भाई हज़रत अब्बास की याद में अलम के साथ मातमी जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर हज़रत अब्बास और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने कर्बला की कुर्बानी को याद करते हुए अमन, इंसानियत और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर मौलाना सैयद वजाहत रज़ा रिज़वी ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन ने सच्चाई, न्याय और इंसानियत की रक्षा के लिए अत्याचार और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कर्बला की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हक और सत्य की राह में हज़रत इमाम हुसैन, हज़रत अब्बास समेत 72 साथियों ने अपनी जान की कुर्बानी दी थी।

मौलाना ने कहा कि कर्बला का पैगाम पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज और दुनिया में शांति तभी कायम रह सकती है, जब लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानी मूल्यों की रक्षा को प्राथमिकता दें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कर्बला के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में एकता, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने में अपना योगदान दें।

Related Articles

Back to top button