RAJGARH

 जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस  आकर्षक मार्च पास्ट, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बढ़ाई समारोह की गरिमा

राजगढ़ जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं सलामी गारद का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात हर्ष एवं उल्लास के प्रतीक स्वरूप आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में मुख्यमंत्री का संबोधन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों को संदेश दिया। साथ ही राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम जारी संदेश का भी वाचन किया। इस अवसर पर सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मुख्य समारोह में सशस्त्र बल प्लाटून द्वारा हर्ष फायर किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी भी उनके साथ थे।

 

इस समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जिला नगर सेना, जिला पुलिस बल (महिला), स्काउट दल उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रेडक्रास दल सीएम राइज स्कूल, स्काउट दल माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन एवं शौर्य दल (महिला सशक्तिकरण) महिला एवं बाल विकास राजगढ़ की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि ने इस दौरान परेड कमांडर्स का परिचय भी प्राप्त किया। परेड की मुख्य कमांडर रक्षित निरीक्षक सुश्री अश्विनी बंडोड रहीं। तत्पश्चात मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर श्री अशोक शर्मा, श्री ब्रजमोहन आचार्य एवं श्री राधा वल्लभ विजयवर्गीय, नरसिंहगढ़ को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

 

कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगी गणवेश में आकर्षक सामूहिक पीटी का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियां बजाकर सराहा। इसके उपरान्त स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत-संगीत एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

 

इसी क्रम में जिले के विकास, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “बदलते दौर का मध्यप्रदेश – राजगढ़ जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण किया गया। इस पुस्तिका में राजगढ़ जिले में हुए विकास कार्यों, विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी को संकलित किया गया है। पुस्तिका की प्रतियां जिले के सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारीगण एवं आमजन को उपलब्ध कराई गईं, ताकि जिले की विकास यात्रा और बदलते राजगढ़ की तस्वीर से प्रत्येक वर्ग परिचित हो सके।

 

कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार, सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

 

परेड प्रदर्शन में मार्च पास्ट सीनियर में प्रथम पुरस्कार विशेष सशस्त्र बल, द्वितीय पुरस्कार जिला पुलिस बल राजगढ़ एवं तृतीय पुरस्कार जिला होमगार्ड बल राजगढ़ को मिला। इसी तरह मार्च पास्ट जूनियर डिवीजन में प्रथम पुरस्कार स्काउट दल सीनियर में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ को, द्वितीय पुरस्कार रेडक्रास दल सांदीपनी विद्यालय राजगढ़ को एवं तृतीय पुरस्कार शौर्य दल राजगढ़ की टुकड़ियों को मिला। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ प्रथम स्थान पर, उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को द्वितीय स्थान तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

 

*समा क्रं./001/1506/07/2026 ……..00……. फोटो क्रं.*

Related Articles

Back to top button