हिंदी के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित हुए विद्यार्थी

राजगढ़। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में करियर, रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रजनी खरे के संयोजन तथा स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के सहयोग से आयोजित हुआ। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मंगलेश सोलंकी ने राजभाषा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। डॉ. आभा आनंद ने प्रमुख साहित्यकारों के योगदान और डॉ. अखिलेश राय ने हिंदी भाषा के सांस्कृतिक संदर्भों पर चर्चा की।
प्रो. प्रकाश अहिरवार ने कविता के माध्यम से हिंदी भाषा एवं साहित्य की व्यापकता को रेखांकित किया। करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी सुमित शर्मा ने विद्यार्थियों को भाषाई दक्षता के साथ तकनीकी कौशल विकसित करने की आवश्यकता बताई और हिंदी के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।




