RAJGARH

सुठालिया में ‘जनविश्वास’ का संकल्प विभिन्‍न पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं पर सीधी सुनवाई सेवा, संवेदनशीलता और समाधान के साथ सुठालिया में जनविश्वास शिविर आयोजित

राजगढ़ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सुठालिया में विभिन्‍न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्‍याण एवं मत्‍स्‍य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार, सांसद श्री रोडमल नागर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान दिव्यांगजनों को मोटरसाइकिल भी प्रदान की गई।

 

*राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने विभागीय शिविरों का किया निरीक्षण*

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं शिविरों का निरीक्षण किया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण किया। साथ ही उद्यम संवाद में सहभागिता कर उद्यमियों से संवाद किया तथा एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूह की दीदियों से सीधा संवाद कर उनके कार्य, उपलब्धियों एवं अनुभवों की जानकारी ली।

 

*जनता की सेवा से ही लोकतंत्र में विश्वास प्राप्त होता है*

 

— *राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार*

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि पहले राजा की सरकार होती थी, आज जनता जिसे चाहती है उसे सरकार बनाती है। लोकतंत्र में जनता की सेवा करके ही उसका विश्वास प्राप्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ कहते हैं, यही सेवा की भावना हम सभी में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हमारी बहनें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। देश की राष्ट्रपति एक महिला हैं, महिलाएं फाइटर जेट उड़ा रही हैं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने समूह का 1.5 करोड़ रुपये का टर्नओवर प्राप्त किया है, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।

 

*छोटे विवाद गांव में ही सुलझाने का प्रयास करें*

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि गांवों में कई बार विवाद भाई-भाई के बीच होते हैं। ऐसे छोटे विवादों को न्यायालय तक ले जाने के बजाय गांव में ही बातचीत एवं समझाइश से समाधान का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विवाद होने पर पहले गांव के मुखिया एवं स्थानीय स्तर पर समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद में दोनों पक्षों को सुनना आवश्यक है, लेकिन इसके बाद समाधान भी होना चाहिए। शासन का काम जनता की सेवा करना है। समाज में भाईचारा बना रहे और लड़ाई-झगड़े कम हों, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

 

*जनविश्वास शिविर केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं*

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि यह शिविर केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। शिविर के बाद भी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता से सुनें, उचित मार्गदर्शन दें और समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कुशलता से कार्य किया जा रहा है। लगभग 50 गांवों तक शिविर की जानकारी पहुंची और सुठालिया में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यालय एक स्थान पर उपलब्ध कराए गए, जिससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

*रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें*

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि सरकारी नौकरियों की अपनी सीमा है। युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनने की सोच विकसित करनी होगी। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने किसानों को मेहनत का उदाहरण बताते हुए कहा कि किसान 24 घंटे मेहनत करता है और पूरे समाज का पेट भरता है। मेहनत, अच्छे खाद-बीज, बच्चों की शिक्षा और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण से परिवार आर्थिक रूप से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने आत्मनिर्भर बनने और अपनी क्षमता पर विश्वास रखने का आह्वान किया।

 

*जनविश्वास अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना*

 

— *कलेक्टर डॉ. मिश्रा*

 

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब लाना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए नियमानुसार निराकरण किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन की सेवाएं ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

 

*पुलिस प्रशासन आपके द्वार पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने किया जागरूक*

 

पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि जमीनी विवादों में हर छोटे अपराध में सभी पक्षों को गिरफ्तार कर जेल भेजना उचित नहीं है। गिरफ्तारी के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी के सर्वाधिक आवेदन ब्यावरा क्षेत्र से प्राप्त हो रहे हैं। नागरिकों से अपील की कि ओटीपी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल ब्यावरा थाने में शिकायत करें अथवा 1930 पर कॉल करें।

 

*सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट एवं रेडियम का उपयोग जरूरी*

 

पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम/रिफ्लेक्टर लगवाने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनेक सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने के कारण जान चली जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए नागरिक सीधे आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। ‘पुलिस प्रशासन आपके द्वार’ के माध्यम से प्रत्येक शिकायत की सुनवाई एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

कार्यक्रम के अंत में संबल योजना अंतर्गत जनपद पंचायत ब्‍यावरा निवासियों को हितलाभ का वितरण किया गया। जिनमें श्रीमती रामदुलारी बाई को 2 लाख रूपये, श्रीमती सुनीता बाई को 4 लाख रूपये, श्रीमती मंजू बाई को 4 लाख रूपये, श्रीमती धापू बाई को 4 लाख रूपये, श्रीमती सीमा बाई को 4 लाख रूपये, श्रीमती गीता बाई को 2 लाख रूपये, श्री रामदयाल भिलाला को 2 लाख रूपये, श्रीमती रोडी कुंवर को 2 लाख रूपये, श्री हरि सिंह को 4 लाख रूपये, श्रीमती सीमा पंवार को 2 लाख रूपये, श्रीमती मांगीबाई भिलाला को 2 लाख रूपये तथा श्रीमती राधे मीना को 2 लाख रूपये का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हो चुके हितग्राहियों को 1 लाख 20 हजार रूपये का चेक व आवास की चाबी प्रदान की गई। जिला व्‍यापार एवं उद्योग केन्‍द्र राजगढ़ अंतर्गत संचालित मुख्‍यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत हितग्राहियों को स्‍वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जिनमें श्रीमती करिश्‍मा, श्रीमती रंजीता पालीवाल, श्रीमती यशवंत सौंधिया तथा श्री विष्‍णु सौंधिया शामिल हैं। पशुपालन विभाग अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को डॉ. भीमराव कामधेनु योजनान्तर्गत श्री रामनारायण केलकर ग्राम हरिपुरा निवासी को 42 लाख रूपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। साथ ही आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना अंतर्गत श्री धनराज सौंधिया ग्राम हांसरोद को 6 लाख रूपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। मध्‍यप्रदेश राज्‍य ग्रामीण आजीविका मिशन राजगढ़ अंतर्गत 18 स्‍वयं सहायता समूह (समस्‍त शाखा) को 50 लाख रूपये का बैंक ऋण सीआईएफ चेक का वितरण किया गया।

Related Articles

Back to top button